नई दिल्ली, 24 दिसंबर 2025: देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) 2 फरवरी 2026 से दिल्ली और लंदन हीथ्रो के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है। एयरलाइन इन उड़ानों का संचालन सप्ताह में पांच दिन बोइंग 787 विमान से करेगी। यात्रियों के लिए इसमें दो तरह की सीटिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिनमें इंडिगो स्ट्रेच (IndiGoStretch) और इकोनॉमी क्लास शामिल हैं।
इंडिगो की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एयरलाइन फिलहाल मुंबई और लंदन हीथ्रो के बीच प्रतिदिन उड़ानें संचालित कर रही है। दिल्ली रूट के जुड़ने के बाद इंडिगो की लंदन के लिए कुल साप्ताहिक उड़ानों की संख्या बढ़कर 12 हो जाएगी।
दिल्ली से लंदन जाने वाली उड़ान संख्या 6E 0003 सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को सुबह 09:40 बजे रवाना होकर स्थानीय समयानुसार दोपहर 14:55 बजे लंदन पहुंचेगी। वहीं, वापसी की उड़ान 6E 0004 लंदन से शाम 17:15 बजे उड़ान भरेगी और अगले दिन सुबह 08:15 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पीटर एल्बर्स ने कहा,
“हमें दिल्ली और लंदन के बीच सीधी उड़ानें शुरू करते हुए खुशी हो रही है। इससे भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच यात्रा के और विकल्प उपलब्ध होंगे। मुंबई–लंदन और दिल्ली व मुंबई से मैनचेस्टर की हालिया उड़ानों के बाद यह एक अहम कदम है। यह सेवा व्यापार, पर्यटन और परिवार व मित्रों से मिलने के लिए बढ़ती यात्रा मांग को पूरा करने में सहायक होगी। इंडिगो अंतरराष्ट्रीय यात्रा को अधिक सरल, सुलभ और वैश्विक कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
यह नई उड़ान सेवा दिल्ली से अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क विस्तार की इंडिगो की बड़ी योजना का हिस्सा है। हाल ही में एयरलाइन ने देनपसार, क्राबी, हनोई, ग्वांगझोउ और मैनचेस्टर के लिए उड़ानें शुरू की हैं। कंपनी ने यह भी घोषणा की है कि जनवरी 2026 से एथेंस के लिए सीधी उड़ानें शुरू की जाएंगी। बीते एक साल में इंडिगो ने 10 नए अंतरराष्ट्रीय गंतव्य और देश के विभिन्न हिस्सों से 30 से अधिक नए अंतरराष्ट्रीय रूट जोड़े हैं।
इंडिगो का फोकस किफायती किराया और समय पर उड़ानों के संचालन पर है। दिल्ली–लंदन हीथ्रो की ये उड़ानें नॉर्स अटलांटिक एयरवेज से वेट या डैम्प लीज पर लिए गए विमानों के जरिए संचालित की जाएंगी।






