HomeWorld Newsइंडोनेशिया के मध्य जावा में भीषण बस हादसा, 16 लोगों की मौत,...

इंडोनेशिया के मध्य जावा में भीषण बस हादसा, 16 लोगों की मौत, कई घायल

जावा (इंडोनेशिया), 22 दिसंबर 2025: इंडोनेशिया के मध्य जावा प्रांत में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जब एक यात्री बस हाईवे पर सड़क किनारे लगी बैरियर से टकराकर पलट गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट जकार्ता पोस्ट के अनुसार, यह हादसा सेमारंग शहर के पास क्राप्याक इलाके में एक हाईवे इंटरचेंज पर हुआ।

बताया जा रहा है कि यह बस जकार्ता से योग्याकार्ता की ओर जा रही थी। जैसे ही बस एक मोड़ पर पहुंची, उसकी रफ्तार काफी तेज थी। चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते बस पहले सड़क किनारे लगे बैरियर से टकराई और फिर पलटकर सड़क के किनारे जा गिरी।

खोज एवं बचाव अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। घटनास्थल से कुल 34 लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें से 15 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। कई घायलों को इलाज के लिए सेमारंग के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

रेस्क्यू अधिकारियों द्वारा जारी किए गए वीडियो फुटेज में देखा गया कि आपातकालीन कर्मी पलटी हुई बस के पास से शवों को बाहर निकाल रहे हैं। बस को भारी नुकसान पहुंचा है और वह सड़क के किनारे उलटी पड़ी नजर आई।

गौरतलब है कि इंडोनेशिया में हाल के वर्षों में सड़क हादसों की कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। सितंबर महीने में पूर्वी जावा के माउंट ब्रोमो के पास एक खड़ी सड़क पर अस्पताल कर्मचारियों और उनके परिवारों को ले जा रही बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं 2024 में ईद-उल-फितर के दौरान यात्रा के समय एक कार और बस की टक्कर में 12 लोगों की जान चली गई थी। इससे पहले 2019 में पश्चिमी सुमात्रा में एक बस के खाई में गिरने से 35 यात्रियों की मौत हुई थी।

सोमवार को हुए इस ताजा हादसे को लेकर संबंधित अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments