चंडीगढ़, 21 दिसंबर 2025: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज युवाओं से आह्वान किया कि वे नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें। उन्होंने कहा कि स्थानीय कौशल को आधुनिक तकनीक से जोड़कर युवा उद्यमिता को नई दिशा दे सकते हैं। मुख्यमंत्री ये विचार पंचकूला में स्वदेशी महोत्सव-2025 के उद्घाटन अवसर पर व्यक्त कर रहे थे।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि राज्य सरकार मुद्रा योजना, स्टैंड-अप इंडिया और विशेष एमएसएमई सब्सिडी जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने बताया कि आज के स्टार्टअप युग में स्वदेशी केवल पारंपरिक उत्पादों तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीक, सॉफ्टवेयर, रक्षा उपकरण और सेमीकंडक्टर जैसे आधुनिक क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में इस समय 12 लाख से अधिक पंजीकृत एमएसएमई हैं, जो लगभग 65 हजार लोगों को रोजगार प्रदान कर रहे हैं। सरकार की पद्मा योजना के तहत प्रत्येक ब्लॉक के विशिष्ट उत्पादों को ‘ब्रांड इंडिया’ के रूप में देश-विदेश में पहचान दिलाई जाएगी। इसमें अंबाला के वैज्ञानिक उपकरण, पानीपत के हथकरघा उत्पाद और रेवाड़ी के पीतल शिल्प शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा स्टेट स्टार्टअप पॉलिसी-2022 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य रोजगार सृजन करने वाला युवा वर्ग तैयार करना है। वर्तमान में हरियाणा देश में स्टार्टअप्स के मामले में सातवें स्थान पर है, जहां 9,500 से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप कार्यरत हैं। युवाओं के नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 2,000 करोड़ रुपये का फंड ऑफ फंड्स भी स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन के तहत स्वदेशी को नई दिशा मिली है। भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और 2030 तक 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब गांवों के कारीगर, स्वयं सहायता समूह और सूक्ष्म उद्यमी सक्रिय योगदान देंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में 65 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूह सशक्त किए गए हैं, जिनमें लाखों महिलाएं आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी हैं। उन्होंने नागरिकों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने के साथ-साथ प्लास्टिक मुक्त और कचरा मुक्त हरियाणा बनाने की अपील की।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया, भारत माता मंदिर में दर्शन, यज्ञ में भाग लिया और उपस्थित लोगों ने पांच स्वदेशी वस्तुएं अपनाने व पांच विदेशी वस्तुओं का त्याग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा, पूर्व स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता, मेयर कुलभूषण गोयल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






