कैथल 21 दिसंबर 2025: थाना पुंडरी क्षेत्र के गांव पाई और जटैड़ी रोड पर जमीन विवाद की पुरानी रंजिश के चलते हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी एसपी उपासना ने दी।
एसपी ने बताया कि शिकायतकर्ता तेजिंदर उर्फ तेज़ी, निवासी गांव पाई, के अनुसार उसके परिवार और गांव के ही चेला राम के परिवार के बीच पिछले 14–15 वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद के चलते वर्ष 2012 में हुए झगड़े में चेला राम के परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई थी, जिस मामले में आरोपियों को सजा हुई थी। बाद में वर्ष 2018 में वे हाईकोर्ट से जमानत पर रिहा हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, 19 दिसंबर को जब भाना नामक व्यक्ति गांव में पहुंचा, तो दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक हथियारों के साथ आए और उस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। भाना गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि उन्होंने परिवार के एक अन्य सदस्य राजिंदर पुत्र ओमप्रकाश को भी गोली मार दी है और उसकी लाश जटैड़ी रोड के खेतों में पड़ी है।
परिवार के लोगों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो राजिंदर की स्कूटी सड़क पर खड़ी मिली और कुछ दूरी पर खेतों में उसकी गोली लगी लाश बरामद हुई। इस संबंध में थाना पुंडरी में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले की सभी क्राइम यूनिट, स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट, सीआई-1, एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ सहित थाना पुंडरी पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। लगातार दबिश और पुलिस दबाव के चलते राहुल (26 वर्ष) और विजय (22 वर्ष), दोनों निवासी गांव पाई, ने शनिवार को थाना पुंडरी में आत्मसमर्पण कर दिया, जिन्हें नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों के पिता की वर्ष 2012 में जमीन विवाद के कारण हत्या हुई थी, जिसका बदला लेने के लिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी राहुल पर पहले भी हत्या और फायरिंग के दो मामले, जबकि विजय पर फायरिंग और चोरी के प्रयास के दो मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो अवैध देसी कट्टे भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।






