पटियाला (पंजाब), 19 दिसंबर 2025: शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद अरविंद गणपत सावंत ने केंद्र सरकार से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन या वैकल्पिक रूप से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के सम्मान में रखने की मांग की है। उन्होंने यह मांग गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी वर्ष को ध्यान में रखते हुए की है।
यहां जारी एक बयान में सावंत ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी ने वर्ष 1675 में चांदनी चौक, दिल्ली में धार्मिक स्वतंत्रता और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। इसी महान त्याग के कारण उन्हें “हिंद दी चादर” की उपाधि प्राप्त हुई।
उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर गुरु तेग बहादुर साहिब जी को शहीद किया गया, वहां आज गुरुद्वारा शीश गंज साहिब स्थित है, जबकि जहां उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया था, वहां गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब मौजूद है। इसके बावजूद राष्ट्रीय राजधानी में किसी प्रमुख रेलवे स्टेशन या परियोजना का नाम गुरु साहिब के नाम पर नहीं है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
सांसद सावंत ने केंद्र सरकार से अपील की कि या तो पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम ‘शीश गंज साहिब रेलवे स्टेशन’ रखा जाए या फिर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम ‘गुरु तेग बहादुर रेलवे स्टेशन’ किया जाए।
उन्होंने कहा कि ऐसा कदम गुरु तेग बहादुर साहिब जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगा, जिन्होंने धर्म, न्याय और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।






