कैथल 19 दिसंबर 2025:- हरियाणा के कैथल जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां मोटरसाइकिल पर सवार चाचा और भतीजे की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना को देखकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। मृतकों की पहचान चाचा राजेंद्र और भतीजे वीरभान के रूप में हुई है।
कैथल की एसपी उपासना ने बताया कि पुलिस को सुबह सूचना मिली थी कि जटेड़ी गांव के पास दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि मृतक चाचा-भतीजे थे।
प्राथमिक जांच के अनुसार, मृतक युवक अपने खेत में गया था और आरोपियों ने उसका पीछा करते हुए वहां पहुंचकर उसे गोलियों से भून डाला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।






