हरियाणा, 15 दिसंबर 2025 : आईपीएस अधिकारी वाई. पूरण कुमार की आत्महत्या से जुड़े मामले में सामने आए विवाद के बाद हरियाणा सरकार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए आईपीएस अधिकारी शत्रुजीत कपूर को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के पद से हटा दिया है। अब वे केवल हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के चेयरमैन के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे।
सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, मौजूदा कार्यकारी डीजीपी ओपी सिंह को अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ अगले आदेशों तक हरियाणा का कार्यकारी डीजीपी नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि 7 अक्टूबर को आईपीएस अधिकारी वाई. पूरण कुमार ने चंडीगढ़ में आत्महत्या कर ली थी। उनके सुसाइड नोट में तत्कालीन डीजीपी शत्रुजीत कपूर समेत कुछ अन्य अधिकारियों पर मानसिक उत्पीड़न और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए गए थे। मामला सामने आने के बाद सरकार ने 14 अक्टूबर को शत्रुजीत कपूर को दो महीने की छुट्टी पर भेज दिया था, जो 13 दिसंबर को समाप्त हो गई।
इस बीच, हरियाणा सरकार नए डीजीपी की नियुक्ति को लेकर दबाव में है, क्योंकि कार्यकारी डीजीपी ओपी सिंह 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इससे पहले राज्य सरकार द्वारा भेजे गए पांच अधिकारियों के पैनल को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने यह कहते हुए लौटा दिया था कि शत्रुजीत कपूर का कार्यकाल अभी समाप्त नहीं हुआ है और वे पद पर बने हुए हैं।
अब डीजीपी पद से हटाए जाने के बाद नई नियुक्ति की प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है। यूपीएससी की बैठक 25 दिसंबर तक होने की संभावना है, जिसके बाद राज्य सरकार को तीन योग्य अधिकारियों के नामों की सूची भेजी जाएगी।






