अमृतसर , 14 दिसंबर 2025:: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के अभियान के बीच काउंटर इंटेलिजेंस (CI) अमृतसर ने विदेश-आधारित तस्करों से जुड़े एक ड्रग सप्लाई मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 किलो हेरोइन, 3.90 लाख रुपये की ड्रग मनी और एक .32 बोर पिस्टल, मैगजीन व पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
यह जानकारी रविवार को डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान युवराज सिंह (निवासी रोड़ीवाल, अमृतसर), वरिंदर सिंह (ढौल कलां, अमृतसर), जग्गरूप सिंह (संगना, अमृतसर) और जुगराज सिंह (सरकारिया एन्क्लेव, अमृतसर) के रूप में हुई है।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक सफेद रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी को भी जब्त किया है।
डीजीपी ने बताया कि सीआई अमृतसर को पुख्ता सूचना मिली थी कि विदेश में बैठे तस्कर लखविंदर सिंह उर्फ बाबा लाखा के सहयोगी युवराज सिंह और वरिंदर सिंह अजनाला सेक्टर से हेरोइन की खेप लाकर अमृतसर में गुरुद्वारा मोर्चा साहिब के पास सप्लाई करने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान जग्गरूप सिंह ने खुलासा किया कि वह सेंट्रल जेल श्री मुक्तसर साहिब में बंद दया सिंह उर्फ प्रीत सेखों के निर्देशों पर काम कर रहा था। आगे की जांच में पुलिस ने एक अन्य आरोपी जुगराज सिंह को भी अमृतसर से गिरफ्तार कर उसके पास से 3.90 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की।
इस संबंध में थाना एसएसओसी अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 73 दिनांक 13 दिसंबर 2025 दर्ज की गई है। मामले की आगे जांच जारी है।






