रूपनगर (पंजाब), 14 दिसंबर 2025 : पूर्व पंजाब शिक्षा मंत्री मास्टर तारा सिंह लाडल के भोग और अंतिम अरदास समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं तथा धार्मिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शिरकत कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मास्टर तारा सिंह लाडल का निधन 6 दिसंबर को हुआ था।
श्री सहज पाठ का भोग गुरुद्वारा हेड दरबार कोट पुराण तिब्बी साहिब, रूपनगर में संपन्न हुआ, जहां कीर्तन जथा द्वारा गुरबाणी कीर्तन किया गया। इस अवसर पर उनके निकट सहयोगी प्रीतम सिंह सल्लोमाजरा (मास्टर जी) की स्मृति में भी मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पूर्व मंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने मास्टर तारा सिंह लाडल को दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने जीवन भर शिरोमणि अकाली दल की मजबूती और जनता की सेवा के लिए कार्य किया। विधायक एडवोकेट दिनेश चड्ढा ने कहा कि युवा नेताओं को उनके जीवन से बहुत कुछ सीखने की जरूरत है।
समारोह में बड़ी संख्या में राजनीतिक, धार्मिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, रिश्तेदार और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। पूरे वातावरण में शोक और भावुकता का माहौल बना रहा।






