कोलकाता: कोलकाता में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में विश्व प्रसिद्ध फुटबॉलर लियोनेल मेसी को देखने के लिए हजारों प्रशंसक उमड़ पड़े। 14 साल बाद भारत पहुंचे मेसी की एक झलक पाने के लिए फैंस बेहद उत्साहित नजर आए, लेकिन यह खुशी ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी।
जानकारी के अनुसार, लियोनेल मेसी आज कोलकाता पहुंचे और उन्होंने साल्ट लेक स्टेडियम का दौरा किया। सम्मान समारोह के बाद मेसी जल्दी ही स्टेडियम से रवाना हो गए। जैसे ही यह खबर प्रशंसकों को मिली, स्टेडियम में मौजूद लोग नाराज हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इसके बाद साल्ट लेक स्टेडियम में हंगामा शुरू हो गया। गुस्साए प्रशंसकों ने कुर्सियां और बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि हजारों की संख्या में प्रशंसक केवल मेसी को देखने के लिए स्टेडियम पहुंचे थे।
मेसी के जल्दी चले जाने से नाराज एक प्रशंसक ने कहा कि मेसी के आसपास सिर्फ राजनेता और अभिनेता मौजूद थे, ऐसे में आम प्रशंसकों को क्यों बुलाया गया। उन्होंने कहा, “हमने 12,000 रुपये की टिकट खरीदी, लेकिन हमें मेसी का चेहरा तक देखने को नहीं मिला।”
इस घटना के बाद कार्यक्रम की व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशंसकों की नाराजगी ने आयोजकों के लिए एक बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।






