गुरदासपुर, 13 दिसंबर 2025: गुरदासपुर जिले के थाना काहनूवान क्षेत्र अंतर्गत गांव जागोवाल बांगर में बीती रात करीब 10 बजे उस समय दहशत फैल गई, जब मुंह बांधकर आए दो अज्ञात युवकों ने एक पूर्व सैनिक माधा सिंह के घर के गेट पर फायरिंग कर दी। घटना के समय पूरा परिवार घर के अंदर मौजूद था।
जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने सबसे पहले माधा सिंह के गेट के बाहर खड़े होकर उनके बेटे जसपाल सिंह भट्टी को नाम लेकर बाहर आने के लिए ललकारा और परिवार के साथ गाली-गलौज की। इसी दौरान एक हमलावर ने घर की ओर फायर कर दिया, जबकि दूसरे हमलावर की पिस्तौल मौके पर नहीं चली।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि रात करीब 9 बजकर 40 मिनट पर उनके पोते ने बाहर कुछ लोगों की आवाजें सुनीं। बाहर मौजूद लोग जसपाल सिंह को नाम लेकर बुला रहे थे। अचानक फायरिंग की आवाज सुनकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। घटना की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज परिवार और पुलिस को सौंप दी गई है। सीसीटीवी में साफ देखा जा सकता है कि हमलावरों का हथियार नीचे गिर जाता है, जिसे वे उठाकर मौके से फरार हो जाते हैं।
जसपाल सिंह भट्टी एक निजी शुगर मिल में काम करता है। उसने बताया कि कुछ दिन पहले गांव के ही कुछ लोगों ने उसे नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फायरिंग करने वाले हमलावर कौन थे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना काहनूवान के एसएचओ गुरनाम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के इलाके में संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।
इस फायरिंग की घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।






