न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर): भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कल पीसीए स्टेडियम में खेले जाने वाले दूसरे टी-20 मैच को लेकर पंजाब पुलिस ने सख़्त सुरक्षा इंतज़ाम कर लिए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब के स्पेशल डीजीपी अर्पित शुक्ला ने आज मीडिया को संबोधित किया।
स्पेशल डीजीपी अर्पित शुक्ला ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए एक डीआईजी रैंक का अधिकारी तैनात रहेगा, जिनकी सहायता के लिए दो कमांडेंट मौजूद रहेंगे। मैच के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए 36 डीएसपी और करीब 2000 पुलिस कर्मी स्टेडियम के अंदर और बाहर तैनात किए गए हैं।
ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था
उन्होंने बताया कि दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न पार्किंग स्थान निर्धारित किए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए चंडीगढ़ पुलिस के साथ विशेष बैठक की गई है, ताकि वाहनों की आवाजाही में कोई बाधा न आए। आम लोगों के लिए विशेष ट्रैफिक रूट प्लान कल सुबह जारी किया जाएगा।
अर्पित शुक्ला ने कहा कि सभी सुरक्षा इंतज़ाम पूरी तरह से तैयार हैं और यह पंजाब के लिए गर्व की बात है कि यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच आयोजित किया जा रहा है।






