हैदराबाद, 8 दिसंबर, 2025: तेलंगाना की राजनीति में एक सड़क के नामकरण को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद में अमेरिकी कांसुलेट को जाने वाली सड़क का नाम अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर रखने का प्रस्ताव दिया है। सीएम के मुताबिक, इस सड़क का नया नाम ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ होगा।
इस प्रस्ताव पर बीजेपी ने कड़ा विरोध जताया है। केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने तंज कसते हुए कहा कि यदि नाम ही बदलना है, तो पहले हैदराबाद का नाम बदलकर ‘भाग्यानगर’ कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ट्रेंडिंग लोगों के नाम पर जगहों के नाम रख रही है, जबकि जनता के असली मुद्दों की अनदेखी हो रही है।
जानकारों के अनुसार, ‘तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट’ के दौरान अंतरराष्ट्रीय मीडिया का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। यदि प्रस्ताव मंजूर हो जाता है, तो यह दुनिया में पहला मौका होगा जब किसी देश में अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति के नाम पर सड़क का नाम रखा जाएगा।
हैदराबाद में पहले से ही गूगल स्ट्रीट, माइक्रोसॉफ्ट रोड और विप्रो जंक्शन जैसे नाम मौजूद हैं, जो शहर की वैश्विक पहचान को दर्शाते हैं। इस बीच, बीजेपी ने कहा कि केवल वही जनता के वास्तविक मुद्दों को उठा रही है, जबकि राज्य सरकार नाम बदलने की राजनीति में लगी हुई है।






