खन्ना (पंजाब): ऑर्गेनिक खेती के नाम पर चल रहे सैकड़ों करोड़ रुपए के मेगा घोटाले ने पंजाब के साथ-साथ कई अन्य राज्यों की एजेंसियों को भी चौकन्ना कर दिया है। खन्ना पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 और लोगों के खिलाफ नया मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले की जांच पहले से ही एक विशेष जांच टीम (SIT) कर रही है, जिसकी जांच में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, नया केस डॉ. मनप्रीत सिंह, निवासी 17-ए, फेड्र्स कॉलोनी, जीरकपुर की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायत में बताया गया कि ऑर्गेनिक खेती में निवेश के नाम पर उनसे 29,70,000 रुपये की ठगी की गई। यह धोखाधड़ी एक संगठित गिरोह द्वारा की गई थी।
जिन नए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है, उनमें शामिल हैं—
हरिओम सैनी (पानीपत),
बिक्रमजीत सिंह (जनरेशन ऑफ फार्मिंग, गहिलेवाल, लुधियाना),
जसप्रीत सिंह (जलनपुर),
परविंदर सिंह और बाबर सिंह (बैणा बुलंद, फतेहगढ़ साहिब),
नवीन बॉश (सोनीपत, ग्लोबल हेड),
अवतार सिंह कंग (खीरनियां),
अमित खुल्लर (फिरोजपुर),
सतविंदर शर्मा उर्फ सोना (भद्दलधूहा)
और दलवीर सिंह (गहिलेवाल)।
जांच में पाया गया कि बिक्रमजीत सिंह और उसका गिरोह लंबे समय से लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर विभिन्न फर्मों के खातों में निवेश करवाता था।
लोगों को ऑर्गेनिक खेती से कमाई के झूठे सपने दिखाकर बड़े पैमाने पर ठगा जा रहा था।
SIT की जांच में यह भी सामने आया है कि यह नेटवर्क पंजाब, हरियाणा और कई अन्य राज्यों में सक्रिय था और बेहद व्यवस्थित तरीके से आर्थिक अपराध कर रहा था।
खन्ना पुलिस का कहना है कि जांच में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं, क्योंकि अब तक सैकड़ों करोड़ रुपये के लेन-देन के साक्ष्य मिल चुके हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यह घोटाला राज्य के सबसे बड़े वित्तीय अपराधों में से एक साबित हो सकता है।
पुलिस ने बताया कि कई आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें तैनात की गई हैं। साथ ही, इस घोटाले के और भी पीड़ित सामने आने की संभावना जताई जा रही है।






