ढाका: बांग्लादेश की एक विशेष अदालत ने सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री और अवामी लीग की नेता शेख हसीना को ज़मीन घोटाले के एक मामले में 5 साल की कैद की सज़ा सुनाई है। अदालत ने इस मामले में हसीना की भतीजी और ब्रिटिश सांसद ट्यूलिप सिद्दीकी को 2 साल, जबकि हसीना की बहन शेख रेहाना को 7 साल की कैद की सज़ा सुनाई।
सरकारी समाचार एजेंसी BSS के अनुसार, यह फैसला ढाका की स्पेशल कोर्ट-4 के जज मुहम्मद रबिउल आलम ने सुनाया। मामले में कुल 17 आरोपी थे, जिन्हें अदालत ने दोषी करार देते हुए प्रत्येक पर 1-1 लाख टका जुर्माना भी लगाया। जुर्माना न भरने पर सभी को छह महीने की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी।
ट्यूलिप सिद्दीकी, जो ब्रिटेन की लेबर पार्टी से सांसद हैं और 2015 से हैम्पस्टेड एवं हाईगेट क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, शेख रेहाना की बेटी हैं। अप्रैल 2025 में बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने भ्रष्टाचार की जांच के तहत उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
अभियोग के अनुसार, ट्यूलिप पर आरोप था कि उन्होंने अपनी मां, भाई और बहन के लिए ढाका के बाहरी इलाके में जमीन का प्लॉट हासिल करने हेतु अपनी मौसी शेख हसीना के पद का दुरुपयोग करवाया। हालांकि, ट्यूलिप ने इन आरोपों को सख़्ती से ख़ारिज किया है।
इस मामले को हसीना के प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान हुई भ्रष्टाचार जांच का हिस्सा माना जा रहा है।






