Sunday, June 14, 2026
HomePatialaहोटल, रेस्टोरेंट और रेहड़ी संचालक खाना पकाने के लिए एक ही तेल...

होटल, रेस्टोरेंट और रेहड़ी संचालक खाना पकाने के लिए एक ही तेल का बार-बार इस्तेमाल न करें: डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने टीमों को चेकिंग के निर्देश दिए

पटियाला को फूड सिटी के रूप में विकसित करने के लिए कार्रवाई में तेजी लाने के भी निर्देश
पटियाला, 9 जून:
पटियाला के डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने जिले के सभी होटलों, रेस्टोरेंटों और खाने-पीने की रेहड़ियों के संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे खाना पकाने के लिए इस्तेमाल किए गए तेल को तीन बार से अधिक गर्म करने के बाद दोबारा उपयोग में न लाएं। इस संबंध में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों को जांच अभियान चलाने के भी निर्देश दिए हैं।
बार-बार गर्म किए गए तेल से कैंसर और अन्य बीमारियों के खतरे के बारे में लोगों को जागरूक किया जाए
फूड सेफ्टी संबंधी जिला स्तरीय सलाहकार समिति की समीक्षा बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने जिला स्वास्थ्य अधिकारी-कम-फूड सेफ्टी के नामित अधिकारी डॉ. गुरप्रीत कौर को निर्देश दिए कि वे बार-बार गर्म किए जाने वाले तेल से कैंसर तथा पेट की अन्य गंभीर बीमारियों के खतरे के बारे में खाद्य व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों और आम लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि बार-बार गर्म किए गए तेल में हानिकारक तत्व उत्पन्न हो जाते हैं, जो कैंसर, हृदय रोगों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं।
समिति के गैर-सरकारी सदस्यों द्वारा एक बार उपयोग किए गए तेल के पुनः इस्तेमाल को रोकने का मुद्दा उठाए जाने पर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने फूड सेफ्टी विभाग को निर्देश दिए कि जिले में ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए, जिसके माध्यम से इस्तेमाल किए गए तेल का उपयोग खाद्य पदार्थों में दोबारा करने के बजाय साबुन या अन्य औद्योगिक उद्देश्यों के लिए किया जा सके तथा उसका वैज्ञानिक तरीके से निपटान भी सुनिश्चित किया जा सके।
डिप्टी कमिश्नर ने इस दौरान पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए पटियाला को विरासती व्यंजनों वाली फूड सिटी के रूप में विकसित करने हेतु यहां के प्रसिद्ध व्यंजनों और खाने-पीने के प्रतिष्ठित स्थलों पर एक विशेष कॉफी टेबल बुक प्रकाशित संबंधी कार्रवाई में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने फूड सेफ्टी विभाग और नगर निगम की टीम को यह भी निर्देश दिए कि शहर की खाने-पीने की रेहड़ियों के लिए एक फूड स्ट्रीट विकसित करने संबंधी कार्रवाई में तेजी लाई जाए। उन्होंने न्यायालयीन मामलों और जुर्मानों के अलावा फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स, स्कूलों में जागरूकता गतिविधियों, खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों के निपटारे संबंधी की जा रही गतिविधियों की भी समीक्षा की।
बैठक के दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गुरप्रीत कौर ने पिछले महीने के दौरान खाद्य सुरक्षा के लिए की गई गतिविधियों की जानकारी दी तथा डिप्टी कमिश्नर को विश्वास दिलाया कि जिले में लोगों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
इस अवसर पर सलाहकार समिति के सदस्य आर.सी. महाजन तथा एम.डी. जग्गी स्वीट्स गुरमीत सिंह, फूड सेफ्टी अधिकारी डॉ. तरुण बंसल और गौरव कुमार, डिप्टी डी.ई.ओ. मनविंदर कौर भुल्लर, पुलिस विभाग से इंस्पेक्टर आलमजीत सिंह सिद्धू, नगर निगम से दर्पण कुमार, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, कृषि विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments