Wednesday, June 17, 2026
HomeNationalतमिलनाडु में मुख्यमंत्री विजय ने किया कैबिनेट विस्तार, दो नए मंत्रियों ने...

तमिलनाडु में मुख्यमंत्री विजय ने किया कैबिनेट विस्तार, दो नए मंत्रियों ने ली शपथ

चेन्नई, 21 मई 2026: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने गुरुवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए राजेश कुमार और पी. विश्वनाथन को कैबिनेट में शामिल किया। चेन्नई के लोक भवन में आयोजित समारोह में तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने दोनों नेताओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री विजय की सिफारिश पर 23 विधायकों को मंत्रिपरिषद में शामिल करने के प्रस्ताव को राज्यपाल ने मंजूरी दी थी। तमिलनाडु मंत्रिपरिषद की कुल संख्या 35 है, जिनमें अब तक 33 मंत्री शपथ ले चुके हैं। वर्तमान मंत्रिमंडल में 21 विधायक तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) से जबकि 2 मंत्री कांग्रेस से हैं।
इससे पहले 10 मई को मुख्यमंत्री विजय सहित 10 विधायकों ने चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शपथ ग्रहण किया था। कांग्रेस नेताओं ने कैबिनेट विस्तार का स्वागत करते हुए इसे “धर्मनिरपेक्ष और प्रगतिशील सरकार” की दिशा में बड़ा कदम बताया।
कांग्रेस नेता गिरीश चोडंकर ने कहा कि तमिलनाडु की जनता ने गठबंधन सरकार के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है। वहीं तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के सेल्वपेरुंथगई ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को राज्य में 100 प्रतिशत सफलता मिली थी और अब पार्टी को मंत्रिमंडल में भी प्रतिनिधित्व मिला है।वरिष्ठ कांग्रेस नेता सु. थिरुनावुक्करासर ने मुख्यमंत्री विजय और राहुल गांधी का आभार जताते हुए इस फैसले को स्वागतयोग्य बताया।तमिलनाडु सरकार के मंत्री आधव अर्जुन ने कहा कि मुख्यमंत्री विजय चाहते हैं कि मंत्रिमंडल “एक परिवार” की तरह काम करे और सरकार को समर्थन देने वाले सभी सहयोगी दलों को उचित प्रतिनिधित्व मिले। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में मंत्रिमंडल का और विस्तार भी किया जा सकता है।
गौरतलब है कि 2026 तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके ने अपने पहले ही चुनाव में 234 में से 108 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया था। हालांकि पार्टी पूर्ण बहुमत से दूर रह गई, जिसके बाद कांग्रेस, CPI-M, CPI, VCK और IUML ने समर्थन देकर सरकार गठन में अहम भूमिका निभाई।
फिल्म अभिनेता से राजनेता बने विजय, जिन्हें ‘थलापति’ के नाम से भी जाना जाता है, ने चुनावी रैलियों में भारी भीड़ जुटाकर अपनी लोकप्रियता साबित की। उनकी तुलना पूर्व मुख्यमंत्री और अभिनेता एमजी रामचंद्रन से की जा रही है। भ्रष्टाचार, नशे और सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्मों के जरिए पहचान बनाने वाले विजय ने 2024 में टीवीके की स्थापना की थी और अब वे तमिलनाडु की राजनीति में एक मजबूत शक्ति बनकर उभरे हैं।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments