बीजिंग, 15 मई 2026 : डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सितंबर के आसपास अमेरिका का दौरा कर सकते हैं। ट्रंप ने इस संभावित यात्रा को “पारस्परिक दौरा” बताते हुए कहा कि जैसे दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्ते मजबूत हो रहे हैं, उसी तरह कूटनीतिक संबंधों को भी नई मजबूती मिलेगी।
बीजिंग के झोंगनानहाई नेतृत्व परिसर में शी जिनपिंग के साथ बैठक के दौरान ट्रंप ने चीनी नेतृत्व और वहां की मेजबानी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि चीन यात्रा उनके लिए बेहद सकारात्मक अनुभव रही है और दोनों देशों के बीच संवाद को आगे भी खुलकर जारी रखा जाएगा।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच विभिन्न वैश्विक तथा क्षेत्रीय मुद्दों पर सहयोग और बातचीत बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में दोनों देशों के रिश्तों में और सुधार होगा।
इससे पहले चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ट्रंप के सम्मान में स्वागत समारोह और भोज का आयोजन किया। दोनों नेताओं ने बीजिंग स्थित प्रसिद्ध टेंपल ऑफ हेवन का भी दौरा किया। अधिकारियों के मुताबिक इस मुलाकात से दोनों देशों के बीच आपसी समझ और संवाद को नई मजबूती मिली है तथा वैश्विक मामलों में स्थिरता और निश्चितता को बढ़ावा मिलेगा।
गौरतलब है कि यह ट्रंप की पिछले नौ वर्षों में पहली चीन यात्रा है। दौरे के दौरान दोनों पक्षों ने अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर समन्वय और सहयोग बनाए रखने पर जोर दिया।