अमृतसर, 15 मई 2026 : श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मलेशिया एयरलाइंस की फ्लाइट MH-119 से कुआलालंपुर जा रहे एक यात्री को हिरासत में लिया।
जांच के दौरान यात्री की व्यक्तिगत तलाशी और सामान की विस्तृत जांच की गई, जिसमें अधिकारियों ने 24 कैरेट सोना बरामद किया। यह सोना कड़े और बिस्कुट के रूप में छिपाकर रखा गया था।
कस्टम विभाग के अनुसार बरामद सोने का कुल वजन 1,676 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.58 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
अधिकारियों ने सोने को कस्टम एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत जब्त कर लिया है। वहीं, आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।






