ब्लैकमेलिंग और फिजूल शिकायतों के जरिए अधिकारियों को परेशान करने वालों पर कसा शिकंजा
– “सरकारी काम में बाधा डालने वाली बेबुनियाद शिकायतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी”: मेयर
पटियाला, 15 मई,2026: नगर निगम पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया ने बिल्डिंग ब्रांच से संबंधित पी.जी.आर.एस. पोर्टल पर आ रही बेबुनियाद शिकायतों का गंभीर नोटिस लेते हुए बड़ा फैसला लिया है। मेयर ने स्पष्ट किया है कि अब से बिल्डिंग ब्रांच के खिलाफ की जाने वाली किसी भी शिकायत पर कार्रवाई तभी की जाएगी, जब शिकायतकर्ता द्वारा विधिवत एफिडेविट (हलफनामा) प्रस्तुत किया जाएगा।
मीडिया से बातचीत करते हुए मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि पिछले कुछ समय से यह देखने में आया है कि कुछ लोग निजी स्वार्थ या ब्लैकमेलिंग की नीयत से झूठी और बेबुनियाद शिकायतें दर्ज करवा रहे हैं। ऐसी फिजूल शिकायतों के कारण न केवल सरकारी कामकाज प्रभावित होता है, बल्कि अधिकारियों का कीमती समय भी बर्बाद होता है। उन्होंने कहा कि अब परेशान करने की नीयत से की गई शिकायतों की कोई सुनवाई नहीं होगी।
मेयर ने नए निर्देश जारी करते हुए कहा कि पी.जी.आर.एस. पोर्टल आम लोगों की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए बनाया गया है। इसकी दुरुपयोग को रोकने के लिए अब शिकायतकर्ता को अपने आरोपों के समर्थन में एफिडेविट देना अनिवार्य होगा। एफिडेविट प्राप्त होने के बाद ही नगर निगम की टीम मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी। इससे सही और तथ्यों पर आधारित शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जा सकेगा।
मेयर कुंदन गोगिया ने दोहराया कि नगर निगम पटियाला पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य लोगों को परेशानियों से बचाना है, लेकिन हम किसी को भी कानून का गलत इस्तेमाल कर प्रशासन को गुमराह करने की अनुमति नहीं देंगे।” उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे केवल जायज समस्याओं के लिए ही पोर्टल का उपयोग करें, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की रुकावट न आए।
इस मौके पर नगर निगम के बिल्डिंग ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे, जिन्हें मेयर द्वारा नए निर्देशों का सख्ती से पालन करने के आदेश दिए गए।
फोटो: बिल्डिंग ब्रांच अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए मेयर कुंदन गोगिया।
जारीकर्ता
राजिंदर मोहन (सचिव)






