सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल पुरानी पुलिस लाइन का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा
पटियाला, 14 मई,2026 : पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल पुरानी पुलिस लाइन (ओ.पी.एल.) पटियाला की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर स्कूल का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। स्कूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जबकि चार छात्राओं ने पंजाब मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
कॉमर्स ग्रुप की छात्रा रिधिमा, पुत्री श्री केतन जैन, ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पंजाब मेरिट में 15वां स्थान हासिल किया। वहीं इशमीत कौर, पुत्री श्री मनोहर सिंह, ने 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर 17वां रैंक प्राप्त किया।
इसी प्रकार वोकेशनल ग्रुप के टैक्सेशन प्रैक्टिसिस विभाग की छात्रा खुशप्रीत कौर, पुत्री श्री बलविंदर सिंह, ने 97.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पंजाब मेरिट में 14वां स्थान हासिल किया, जबकि जशनजीत कौर, पुत्री श्री जगपाल सिंह, ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पंजाब मेरिट में 15वां स्थान प्राप्त किया।
स्कूल के साइंस एवं आर्ट्स ग्रुप का परिणाम भी अत्यंत सराहनीय रहा। स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती मनदीप कौर अंटाल ने इस शानदार सफलता का श्रेय शिक्षा विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी श्री संजीव शर्मा के मार्गदर्शन, अध्यापकों की अथक मेहनत तथा छात्राओं की लगन और अनुशासन को दिया।
उन्होंने बताया कि कुल 231 छात्राओं में से 56 छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, जो स्कूल के लिए गर्व की बात है। इस अवसर पर मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रिंसिपल द्वारा 5100-5100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
प्रिंसिपल ने छात्राओं के अभिभावकों तथा पूरे स्कूल स्टाफ को भी इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कॉमर्स, वोकेशनल तथा अन्य सभी विषयों के अध्यापकों और लेक्चरारों की मेहनत की विशेष रूप से सराहना की।






