शिमला, 23 नवंबर 2025:
केंद्रीय सैनिक बोर्ड ने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए राहत भरी अधिसूचना जारी करते हुए तीन प्रमुख योजनाओं की ग्रांट में बढ़ोतरी की है। इसके तहत पूर्व सैनिकों की बेटियों की *मैरिज ग्रांट* को दोगुना कर 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया गया है। नोटिफिकेशन जारी होते ही हिमाचल प्रदेश के पात्र लाभार्थियों को इसका त्वरित लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
इसके साथ ही एजुकेशन ग्रांट में भी बढ़ोतरी करते हुए इसे 1,000 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये कर दिया गया है, जिससे पूर्व सैनिकों के बच्चों की पढ़ाई में अतिरिक्त सहायता उपलब्ध होगी।
सैनिक बोर्ड ने पेन्युरी ग्रांट को भी 4,000 से बढ़ाकर 8,000 रुपये कर दिया है। हालांकि पिछले वर्ष इस योजना के तहत केवल आठ आवेदन ही आए थे, लेकिन अब राशि बढ़ने के बाद आवेदनों की संख्या में वृद्धि की उम्मीद है। हिमाचल में वर्तमान में 494 नॉन पेंशनर्स हैं, जिनमें 241 पूर्व सैनिक और 253 सैनिक विधवाएं शामिल हैं। राज्य सरकार पहले से ही नॉन पेंशनरों को 5,000 रुपये मासिक पेंशन दे रही है, जिसके चलते पहले पेन्युरी ग्रांट के लिए आवेदन कम हो रहे थे।
नई अधिसूचना के लागू होने के बाद निर्धारित मापदंडों को पूरा करने वाले सभी नॉन पेंशनर्स अब दोगुनी पेन्युरी ग्रांट का लाभ ले सकेंगे।






