गांवों के स्कूल भी बन रहे स्मार्ट शिक्षा केंद्र – डॉ. बलबीर सिंह
भादसों/लौट, 8 मई, 2026 : पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज पटियाला ग्रामीण क्षेत्र के गांव रोहटा साहिब और लौट स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूलों में नई तकनीक से लैस आधुनिक कंप्यूटर लैब और साइंस लैब का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य गांवों के हर बच्चे को शहरी क्षेत्रों के बराबर गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और तकनीक आधारित शिक्षा प्रदान करना है।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा प्रणाली को नई दिशा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। सरकारी स्कूलों को स्मार्ट क्लासरूम, कंप्यूटर लैबोरेटरी और वैज्ञानिक उपकरणों से सुसज्जित किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल ज्ञान और डिजिटल युग की जरूरतों के अनुसार तैयार किया जा सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आज के समय में केवल किताबों की शिक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि वैज्ञानिक सोच, तकनीक की समझ और कौशल आधारित शिक्षा की बहुत आवश्यकता है। ये नई लैब विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक शिक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी और उनके भविष्य को अधिक मजबूत बनाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का सपना है कि कोई भी बच्चा केवल इस कारण पीछे न रह जाए क्योंकि वह गांव में रहता है। हर बच्चे को समान अवसर मिलने चाहिए। इसी उद्देश्य से शिक्षा क्षेत्र में बड़े स्तर पर सुधार किए जा रहे हैं।
इस मौके पर स्थानीय ग्रामीणों, अध्यापकों और विद्यार्थियों ने सरकार के इस कदम की सराहना की और कहा कि ये सुविधाएं गांवों के बच्चों के लिए नए अवसर पैदा करेंगी। डॉ. बलबीर सिंह ने भरोसा दिलाया कि पंजाब के हर सरकारी स्कूल को आधुनिक शिक्षा केंद्र बनाने की दिशा में कार्य तेजी से जारी रहेगा।
इस अवसर पर डीईओ संजीव कुमार, शालू महिरा, स्कूलों के प्रिंसिपल, विद्यार्थी, पंच-सरपंच और ग्रामीण भी उपस्थित थे।






