HomeNationalदुबई एयर शो में तेजस क्रैश: कांगड़ा के विंग कमांडर नमांश स्याल...

दुबई एयर शो में तेजस क्रैश: कांगड़ा के विंग कमांडर नमांश स्याल की मौत, वीडियो देखते हुए पिता को मिली दुखद खबर

कांगड़ा/दुबई। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के रहने वाले भारतीय वायुसेना के पायलट विंग कमांडर नमांश स्याल की दुबई एयर शो के दौरान तेजस विमान क्रैश में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय सामने आया जब उनके पिता जगन्नाथ स्याल यूट्यूब पर एयर शो का वीडियो खोज रहे थे और अचानक तेजस के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर दिखाई दी।

कांगड़ा जिले के पटियलकड़ गांव निवासी नमांश स्याल के पिता रिटायर्ड स्कूल प्रिंसिपल हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार को उनकी बेटे से आखिरी बात हुई थी। “नमांश ने कहा था कि दुबई एयर शो में उसकी परफॉर्मेंस को टीवी या यूट्यूब पर जरूर देखना,” पिता जगन्नाथ ने नम आंखों से बताया।

कैसे हुआ हादसा?

दुर्घटना के वीडियो फुटेज में तेजस विमान अचानक ऊंचाई से नीचे आते और देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील होते दिखाई देता है। हादसे के बाद दुबई वर्ल्ड सेंट्रल स्थित अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के ऊपर काला धुआं फैल गया। भयभीत दर्शक बड़ी संख्या में बाड़बंद हवाईपट्टी के पीछे इकट्ठा हो गए।

भारतीय वायुसेना और HAL का बयान

भारतीय वायुसेना ने एक्स पर बयान जारी कर कहा कि इस हादसे में हुए जानमाल के नुकसान पर उसे गहरा दुख है। वायुसेना ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का गठन किया गया है।

वहीं, विमान निर्माता एचएएल (HAL) ने भी विंग कमांडर नमांश स्याल के निधन को अपूरणीय क्षति बताया और शोक व्यक्त किया।

परिवार की व्यथा

नमांश के पिता ने बताया, “शाम करीब 4 बजे मैं एयर शो के वीडियो सर्च कर रहा था, तभी प्लेन क्रैश की खबरें दिखीं। घबराकर मैंने तुरंत अपनी बहू को फोन किया, जो खुद भी वायुसेना में विंग कमांडर हैं। थोड़ी देर बाद छह वायुसेना अधिकारी हमारे घर पहुंचे, तब मुझे समझ आ गया कि बहुत बड़ी अनहोनी हो गई है।”

परिवार फिलहाल कोयंबटूर में नमांश के घर पर है। दो सप्ताह पहले वे हिमाचल से वहां अपनी 7 वर्षीय पोती आर्या स्याल की देखभाल के लिए आए थे, क्योंकि नमांश की पत्नी इन दिनों कोलकाता में ट्रेनिंग पर हैं। नमांश की मां वीणा स्याल सदमे में हैं और किसी से बात करने की स्थिति में नहीं हैं।

इस हृदयविदारक दुर्घटना ने न केवल परिवार बल्कि पूरे कांगड़ा और वायुसेना समुदाय को गहरे शोक में डाल दिया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments