वाराणसी, 29 अप्रैल 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह वाराणसी में अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन भव्य रोड शो किया। इस दौरान उनकी एक झलक पाने के लिए सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।रोड शो बनारस लोकोमोटिव वर्क्स से शुरू होकर लहरतारा, कचहरी, अंबेडकर चौक, चौकाघाट, तेलियाबाग, लहुराबीर और मैदागिन होते हुए काशी विश्वनाथ धाम पर जाकर समाप्त हुआ।
मंदिर परिसर के भीतर प्रधानमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। पूजा के बाद स्थानीय प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत करते हुए उन्हें त्रिशूल, डमरू और पारंपरिक चोला भेंट किया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर उपस्थित लोगों का अभिवादन किया।
मंदिर से बाहर निकलते ही श्रद्धालुओं ने “हर हर महादेव” के जयकारे लगाए। इस दौरान प्रधानमंत्री ने हाथ हिलाकर और हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में मौजूद बच्चों के साथ संक्षिप्त बातचीत भी की।
भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी अरविन्द मिश्रा ने कहा कि वाराणसी के लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए। पूरे मार्ग पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक कतारों में खड़े दिखाई दिए। श्रद्धालुओं और समर्थकों ने “हर हर महादेव” और “जय श्री राम” के नारों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया।






