चंडीगढ़, 28 अप्रैल 2026: हरियाणा सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी का ऐलान किया है।
सरकार के फैसले के अनुसार, DA और DR को 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है। यह बढ़ोतरी मूल वेतन और पेंशन पर लागू होगी। वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, संशोधित दरें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी।
सरकारी बयान में अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता और राहत मई 2026 के वेतन और पेंशन के साथ दी जाएगी। वहीं जनवरी से अप्रैल 2026 तक की बकाया राशि जून 2026 में जारी की जाएगी।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि DA/DR की गणना में यदि राशि 50 पैसे या उससे अधिक होती है तो उसे अगले पूरे रुपये में जोड़ा जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम राशि को नजरअंदाज किया जाएगा।
इस फैसले से लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों को सीधा आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।






