अमृतसर, 28 अप्रैल 2026 : पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत अमृतसर के मजीठा रोड स्थित थाना मकबूलपुरा इलाके में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित ड्रग तस्कर परिवार के घर को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई राज्य सरकार की “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान के तहत की गई।
इस दौरान पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह परिवार लंबे समय से नशा तस्करी में शामिल था। मुख्य आरोपी सुरिंदर कौर (लगभग 66 वर्ष) के खिलाफ अब तक 11 एफआईआर दर्ज हैं और वह कई बार गिरफ्तार हो चुकी है। उसे पहले ही 10 साल की सजा सुनाई जा चुकी है। परिवार के अन्य सदस्य भी विभिन्न मामलों में जेल में बंद हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह एक संगठित नेटवर्क था।पुलिस कमिश्नर ने बताया कि भगवंत मान के निर्देशों पर अमृतसर कमिश्नरेट में नशों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 में अब तक 634 एनडीपीएस केस दर्ज किए जा चुके हैं और 81 बड़े तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 40 किलोग्राम से अधिक हेरोइन सहित अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। इसके अलावा ड्रग मनी, वाहन और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए नशा भेजना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है, लेकिन पुलिस इस पर लगातार नजर रखे हुए है। साथ ही नशा छोड़ने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है और हजारों नशा पीड़ितों को डि-एडिक्शन सेंटरों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस कमिश्नर ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।






