रतिया, 28 अप्रैल, 2026 (संजीव शर्मा) : एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने मंगलवार को ओरोही मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल गांव जल्लोपुर, केटी कॉलेज रतिया तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खाई का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल एवं कॉलेज के विभिन्न रजिस्टरों की बारीकी से जांच करते हुए रिकॉर्ड को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर, स्टाफ रिकॉर्ड एवं अन्य प्रशासनिक दस्तावेजों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि सभी अभिलेख पारदर्शिता एवं नियमितता के साथ संधारित किए जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने ओरोही मॉडल स्कूल, जल्लोपुर में स्कूल बसों की विशेष रूप से चेकिंग की। उन्होंने बसों की फिटनेस, सुरक्षा मानकों, ड्राइवरों के दस्तावेज, फर्स्ट एड बॉक्स सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बसें निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करें, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इसके अलावा उन्होंने स्कूल एवं कॉलेज परिसर में साफ-सफाई, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए ऐसे निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे।
लाली आंगनवाड़ी केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की की जांच
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने लाली गांव स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार, स्वच्छता व्यवस्था तथा उपलब्ध सुविधाओं की जांच की। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से बच्चों की उपस्थिति, टीकाकरण, पोषण कार्यक्रम एवं गर्भवती महिलाओं को प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों को समय पर पोषण आहार उपलब्ध करवाया जाए तथा केंद्र में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।

एसडीएम ने रतिया अनाज मंडी और गांव लाली में खरीद केंद्र का दौरा कर लिया जायजा
इसके पश्चात उन्होंने रतिया अनाज मंडी एवं लाली गांव में गेहूं खरीद केंद्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गेहूं उठान कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि मंडियों में अनावश्यक भीड़ न हो और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।



उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा खरीद प्रक्रिया की निरंतर निगरानी की जा रही है और सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को समय पर भुगतान एवं आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। मंडी में साफ-सफाई, पेयजल, छाया तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने खरीद एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गेहूं की खरीद, उठान एवं भंडारण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।






