नई दिल्ली, 26 अप्रैल 2026 : आम आदमी पार्टी (आप) ने राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन से पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ जाने वाले अपने सात सांसदों को अयोग्य घोषित करने की मांग की है।
मीडिया से बातचीत में आप सांसद संजय सिंह ने बताया कि इस संबंध में संविधान की दसवीं अनुसूची (दल-बदल विरोधी कानून) के तहत याचिका दाखिल की गई है। उन्होंने सभापति से मामले पर जल्द सुनवाई कर निष्पक्ष फैसला देने की अपील की।
संजय सिंह ने कहा कि पार्टी ने इस मुद्दे पर संवैधानिक विशेषज्ञों से कानूनी राय भी ली है, जिनमें वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल और पूर्व लोकसभा महासचिव पीडीटी आचारी शामिल हैं। उनके अनुसार, संबंधित सांसद मौजूदा कानून के तहत अयोग्यता के दायरे में आते हैं।
पार्टी की याचिका में सातों सांसदों की सदस्यता समाप्त करने और जल्द सुनवाई की मांग की गई है।
गौरतलब है कि हाल ही में राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता, स्वाति मालीवाल और विक्रमजीत साहनी ने पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा का रुख किया था। इन नेताओं ने पार्टी से असंतोष और खासकर पंजाब में शासन व्यवस्था को लेकर चिंता जताई थी।






