मोगा ,26 अप्रैल 2026 : जिले के घोलिया खुर्द गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला अमनदीप कौर को उसके पति जगतार सिंह ने कथित तौर पर लोहे की पाइप से बेरहमी से पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को तुरंत सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पीड़िता अमनदीप कौर ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि उसके पति ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। उसने कहा कि उसके पति का किसी अन्य महिला के साथ संबंध है और जब भी वह इसका विरोध करती थी, उसके साथ हिंसा की जाती थी।
पीड़िता की मां जसवीर कौर ने बताया कि घर में पहले भी छोटे-मोटे झगड़े होते रहते थे, लेकिन इस बार मामला बेहद गंभीर था। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचीं, जहां उनकी बेटी फर्श पर घायल अवस्था में पड़ी थी और दर्द से कराह रही थी। बाद में लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। परिवार ने प्रशासन से इंसाफ की मांग की है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस के एक एएसआई ने बताया कि गांव से घरेलू विवाद की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं और जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।






