चंडीगढ़, 25 अप्रैल 2026 : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। खुद को “किसान का बेटा” बताते हुए उन्होंने किसानों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए प्रतिबद्धता जताई।विपक्ष पर निशाना साधते हुए सैनी ने कहा कि कांग्रेस नेता किसानों को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि जनता उन्हें नकार चुकी है। उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी वादे पूरे न करने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए कई योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू की जा रही हैं और भविष्य में पंजाब में भी ऐसी व्यवस्था लागू की जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आयुष्मान चिरायु योजना के तहत 27 लाख से अधिक परिवार लाभान्वित हुए हैं। कानून-व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और नशा मुक्ति के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।






