नई दिल्ली: भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने रूस दौरे के दौरान मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इसके बाद बुधवार को उन्होंने रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव से भी मुलाकात कर आगामी भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
विदेश मंत्री जयशंकर ने मंटुरोव के साथ हुई बैठक की तस्वीर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा, “आज सुबह मॉस्को में प्रथम उप-प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव से मिलकर खुशी हुई। अगस्त 2025 में 26वें IRIGC-TEC के बाद से हुई प्रगति का जायजा लिया। अगले महीने नई दिल्ली में होने वाले वार्षिक भारत-रूस लीडर्स समिट की तैयारियों की समीक्षा की।”
दिसंबर में पुतिन के भारत आने की उम्मीद
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के दिसंबर 2025 में होने वाली 23वीं भारत-रूस वार्षिक लीडर्स समिट में शामिल होने के लिए भारत आने की संभावना है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने पुष्टि की है कि इस संबंध में रूस की ओर से तैयारियाँ शुरू हो चुकी हैं।
पुतिन ने इससे पहले दिसंबर 2021 में इस शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत का दौरा किया था।
जयशंकर ने दी मोदी की शुभकामनाएँ
मॉस्को में पुतिन के साथ बैठक में विदेश मंत्री जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने राष्ट्रपति पुतिन को अगली भारत-रूस वार्षिक समिट की तैयारियों और द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति के बारे में भी अवगत कराया।
भारत और रूस के बीच उच्च-स्तरीय वार्ता और कूटनीतिक गतिविधियाँ यह संकेत देती हैं कि आगामी शिखर सम्मेलन द्विपक्षीय साझेदारी को नई गति देगा।






