शिमला, 20 नवंबर 2025: हिमाचल प्रदेश पुलिस की सीसीटीएनएस (CCTNS) तीसरी तिमाही—1 जून से 30 सितंबर 2025—की रैंकिंग जारी हो गई है। इस रिपोर्ट में मंडी जिला का सदर थाना एक बार फिर नंबर-1 पर रहा है। लगातार पांचवीं बार सदर थाना ने प्रदेश के सभी थानों को पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया है। इस अवधि में थाना का कार्यभार इंस्पेक्टर देश राज के पास था, जो वर्तमान में लाहुल में तैनात हैं।
हालांकि जिला स्तर पर बिलासपुर ने सर्वाधिक प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया है, लेकिन मंडी के सदर थाना और बल्ह थाना ने क्रमशः पहला और दूसरा स्थान हासिल कर मंडी पुलिस की कार्यकुशलता पर जनता का भरोसा मजबूत किया है।
बेहतर कामकाज व त्वरित कार्रवाई का मिला परिणाम
रैंकिंग मुख्य रूप से निम्न आधारों पर तैयार की जाती है:
* समय पर FIR दर्ज करना
* प्रभावी व निष्पक्ष जांच
* लंबित मामलों का त्वरित निपटारा
* जनता के साथ बेहतर समन्वय
* समग्र कार्यप्रदर्शन
इन मानकों पर सदर मंडी थाना और बल्ह थाना ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
जिलों की रैंकिंग में छोटे जिले आगे
* बिलासपुर: 33.87 अंक (पहला स्थान)
* लाहुल-स्पीति: 32.21 अंक (दूसरा स्थान)
* देहरा (कांगड़ा): 32.19 अंक (तीसरा स्थान)
* बद्दी: 32.00 अंक (चौथा स्थान)
इस तिमाही में छोटे व दुर्गम जिलों ने बड़े जिलों को पीछे छोड़ते हुए शानदार प्रदर्शन किया है।






