नई दिल्ली, 22 अप्रैल 2026 : जर्मनी की प्रमुख एयरलाइन Lufthansa ने मई से अक्टूबर के बीच अपनी लगभग 20,000 शॉर्ट-हॉल (कम दूरी) उड़ानों को रद्द करने का ऐलान किया है। यह फैसला बढ़ती जेट ईंधन कीमतों को देखते हुए लिया गया है, जो ईरान से जुड़े संघर्ष के बाद दोगुनी हो चुकी हैं।
कंपनी के अनुसार, रोजाना करीब 120 उड़ानें प्रभावित होंगी और यह कटौती मुख्य रूप से फ्रैंकफर्ट और म्यूनिख हब से कम लाभदायक रूट्स पर लागू होगी। हालांकि कुल क्षमता में कमी एक प्रतिशत से भी कम रहेगी।
लुफ्थांसा ने कहा कि नेटवर्क संतुलन के तहत ज्यूरिख, वियना और ब्रसेल्स से कुछ सेवाओं को बढ़ाया जाएगा। साथ ही, ईंधन बचत के लिए यह कदम उठाया गया है, जिससे लगभग 40,000 मीट्रिक टन जेट फ्यूल की बचत होगी।
वैश्विक स्तर पर बढ़ती कच्चे तेल की कीमतों और होर्मुज़ जलडमरूमध्य जैसे प्रमुख मार्गों में बाधाओं के कारण एयरलाइंस पर दबाव बढ़ गया है, जिसके चलते कई कंपनियां उड़ानें घटाने या किराए बढ़ाने जैसे कदम उठा रही हैं।






