पटना, 15 अप्रैल 2026: बिहार की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उन्हें राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने पटना स्थित लोक भवन में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने जोरदार नारेबाजी कर खुशी जाहिर की।
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद, जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी विजय कुमार चौधरी ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही बिजेंद्र यादव को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।
जानकारी के अनुसार, विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव को जेडीयू कोटे से बिहार के दो उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। शपथ ग्रहण के बाद विजय चौधरी ने कहा कि उन्होंने नीतीश कुमार से बहुत कुछ सीखा है और वे आगे भी उनकी कार्यशैली को अपनाते हुए काम करेंगे।
वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी अपने संबोधन में कहा कि वे नीतीश कुमार की विरासत को आगे बढ़ाएंगे और राज्य के विकास को नई गति देंगे। उपमुख्यमंत्री बनने जा रहे बिजेंद्र यादव ने कहा कि वे बेहतर प्रदर्शन के लिए मिलकर काम करेंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।






