फसल टेस्टिंग के लिए लैब स्थापित करने हेतू अधिकारियों को दिए निर्देश
फतेहाबाद, 13 अप्रैल 2026, (संजीव शर्मा) : भारतीय जनता पार्टी फतेहाबाद के जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा ने आज भट्टू की अनाज मंडी में पहुंचकर फसल खरीद कार्य का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ मार्केट कमेटी के कई अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने यहां किसानों व व्यापारियों से बातचीत की तथा उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने मंडी में पेयजल, शौचालय व अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीजन के समय में किसी प्रकार की कोई अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। जिलाध्यक्ष ने अधिकारियों को फसल टेस्टिंग के लिए जल्द से जल्द लैब स्थापित करने के भी निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने अटल मजदूर कैंटीन में मजदूर भाईयों को अपने हाथों से खाना भी परोसा। प्रवीण जोड़ा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार किसानों व व्यापारियों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत का एक-एक दाना खरीदा जाएगा और भुगतान प्रक्रिया को भी पारदर्शी व समयबद्ध बनाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मंडी में आने वाले प्रत्येक किसान को सुगम और सम्मानजनक व्यवस्था मिलनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि मंडियों में साफ-सफाई, पर्याप्त छाया, पेयजल और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए समय-समय पर निरीक्षण और निगरानी आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा बनाए गए नए नियम किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लागू किए गए हैं, जिससे उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर मिल सके। जिलाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि यदि किसी भी किसान या व्यापारी को कोई समस्या आती है तो उसका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने और किसानों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने की अपील की। इस अवसर पर जिला महामंत्री विकास ललोदा, जिला मन की बात प्रमुख विक्रम शर्मा, मंडल अध्यक्ष जसवंत माचरा, मार्केट कमेटी चेयरमैन प्रदीप मांडन, वाइस चेयरमैन संजय सिंगला, योगराज शर्मा, रमेश भादू, सोनू चालिया, व्यापार मंडल प्रधान प्रमोद गोयल, गोविंद गोयल, सुभाष गर्ग, पलाद राय सिंगला, रमेश बंसल, बजरंग गोयल, कृष्ण माचरा, मुकेश माचरा, हरीश शर्मा (प्रधान पेस्टिसाइड यूनियन भट्टू मंडी), संजय बंसल, पंकज जाखोदिया, पवन गर्ग, मदन गर्ग, रामस्वरूप माचरा, पवन बंसल, रजत सिंगला, भाल सिंह जांगड़ा, पार्षद प्रतिनिधि सतबीर मेहुवाला, अजय ज़ाजड़ा, संजय इंदौरा, सोहन लाल, संदीप मोची, विनोद श्योराण व संदीप ताखर सहित अनेक कार्यकर्ता, व्यापारी व किसान भाई मौजूद रहे।






