अमरावती/विशाखापत्तनम, 19 नवंबर 2025: आंध्र प्रदेश में खूंखार माओवादी माड़वी हिड़मा के खात्मे के ठीक एक दिन बाद सुरक्षाबलों ने बुधवार सुबह एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज की। मारेदुमिल्ली इलाके में लगभग 7 बजे हुई भीषण मुठभेड़ में पुलिस ने 7 माओवादियों को मार गिराया। खुफिया विभाग के एडीजी महेश चंद्र लड्ढा ने बताया कि मारे गए माओवादियों में 3 महिलाएं और एक बड़ा तकनीकी विशेषज्ञ कमांडर भी शामिल है। इसके साथ ही राज्यभर से 50 अन्य सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया गया है।
20 साल से सक्रिय ‘टेक शंकर’ का अंत
पुलिस ने इस कार्रवाई में जिस वरिष्ठ कमांडर को ढेर किया है, उसकी पहचान मेतुरी जोखा राव उर्फ ‘टेक शंकर’ के रूप में हुई है। श्रीकाकुलम निवासी शंकर पिछले 20 वर्षों से माओवादी आंदोलन से जुड़ा था और आंध्र–ओडिशा बॉर्डर (AOB) क्षेत्र में सक्रिय था। वह हथियार, तकनीकी उपकरणों और संचार प्रणाली का विशेषज्ञ माना जाता था। अधिकारियों के अनुसार, वह संगठन के नेटवर्क को फिर से मजबूत करने की कोशिश में था, लेकिन सुरक्षाबलों के घेराबंदी में मारा गया।
50 कार्यकर्ता गिरफ्तार, नेटवर्क को बड़ा नुकसान
मुठभेड़ के साथ-साथ राज्यभर में पुलिस ने बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान भी चलाया। कृष्णा, एलुरु, विजयवाड़ा और काकिनाड़ा जिलों से करीब 50 माओवादी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। इनमें कई कम्युनिकेशन एक्सपर्ट और सशस्त्र प्लाटून के सदस्य शामिल हैं, जो हिड़मा के करीबी माने जाते थे। इस बड़े एक्शन के बाद दक्षिण बस्तर और दंडकारण्य का नेटवर्क लगभग टूट गया है।
एक दिन पहले मारा गया था 1 करोड़ का इनामी हिड़मा
गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले छत्तीसगढ़–आंध्र सीमा पर मुठभेड़ में 1 करोड़ रुपये का इनामी नक्सली कमांडर माड़वी हिड़मा अपनी पत्नी राजे उर्फ रजक्का के साथ मारा गया था। हिड़मा माओवादियों की ‘बटालियन नंबर 1’ का कमांडर था और कई बड़े हमलों का मास्टरमाइंड माना जाता था। मौके से AK-47 सहित भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया था।






