फिरोज़पुर : 16 नवंबर, 2025
फिरोज़पुर के भीड़-भाड़ वाले बाज़ार में शनिवार को हुई दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना ने पूरे शहर को दहला दिया। आरएसएस के सम्मानित नेता और समाजसेवी बलदेव राज अरोड़ा के नौजवान बेटे नवीन अरोड़ा की हमलावरों ने बीच बाजार में गोलियां मारकर हत्या कर दी।
चश्मदीदों के अनुसार, हमलावर तेज़ी से मौके पर पहुंचे और कुछ ही सेकंडों में नवीन अरोड़ा पर गोलियां बरसाकर फरार हो गए। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पूरे फिरोज़पुर में मातम और दहशत का माहौल फैल गया है।
केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने इस घटना को “पंजाब को झकझोर देने वाली” बताते हुए कहा कि अरोड़ा परिवार पर टूटा यह कहर राज्य की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। उन्होंने लिखा कि अपराधियों के हौसले बुलंद हो चुके हैं और लोग पहले से कहीं अधिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
बिट्टू ने साफ़ कहा कि राज्य में बढ़ रही हत्याओं और गंभीर अपराधों पर तुरंत सख़्त कार्रवाई की आवश्यकता है।
भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी सरकार से कानून-व्यवस्था को दोबारा पटरी पर लाने के लिए फौरित और प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।
फिरोज़पुर पुलिस ने हमलावरों की तलाश में विशेष टीमें गठित कर दी हैं और जांच जारी है।






