अमृतसर, 15 नवंबर, 2025:
अमृतसर के खुल्लर गेस्ट हाउस में शुक्रवार देर शाम एक 30 वर्षीय महिला का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना होटल के कमरा नंबर 104 में सामने आई, जहां पुलिस को फोन पर सूचना मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई करनी पड़ी। मृतका की पहचान वीरपाल कौर (30) के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम की सहायता से कमरे की बारीकी से जांच की गई। घटनास्थल की वीडियोग्राफी भी करवाई गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है।
परिवार ने लगाया प्रेमी पर हत्या का आरोप
मृतका के भाई इंद्रजीत सिंह उर्फ सोनू ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वीरपाल कौर की शादी को 7-8 साल हो चुके थे और उसके जुड़वां बच्चे हैं। उसका अपने ही गांव गवाड़ के रहने वाले गुरमीत सिंह उर्फ धरम से अवैध संबंध था, जिसके चलते पति के साथ अक्सर विवाद होते रहते थे। इन घरेलू कलहों के चलते तीन महीने पहले वीरपाल अपने बच्चों के साथ मायके आकर रहने लगी थी।
14 नवंबर की सुबह वीरपाल यह कहकर घर से निकली थी कि वह अपने ससुराल से कपड़े और सामान लेने जा रही है, लेकिन वह शाम तक वापस नहीं लौटी। देर शाम परिवार को फोन पर सूचना मिली कि वीरपाल की गला घोंटकर हत्या कर दी गई है और उसकी लाश होटल के कमरे में पड़ी है।
परिवार ने आरोप लगाया है कि गुरमीत सिंह ने ही वीरपाल की हत्या की है। आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।






