व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध : एसडीएम
राजपुरा, 13 जून।
राजपुरा शहर के व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुद्वारा सिंह रोड मार्केट में ट्रेडर्स कमीशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता पंजाब ट्रेड कमीशन राजपुरा के चेयरमैन टिंकू बंसल ने की। इस अवसर पर एसडीएम राजपुरा
सुखजिंदर सिंह टिवाणा तथा पंजाब ट्रेड कमीशन पटियाला के वाइस चेयरमैन गुरप्रीत सिंह धमोली विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में ट्रेडर्स कमीशन के सदस्यों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा व्यापारी समुदाय के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

जल्द ही व्यापारियों से मिलने पहुंचेंगे अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान : धमोली
इस अवसर पर गुरप्रीत सिंह धमोली ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार व्यापारियों के हितों और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए विधानसभा स्तर पर ट्रेडर्स कमीशन का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि कमीशन का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि व्यापारिक गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों द्वारा उठाए जाने वाले प्रत्येक मुद्दे को गंभीरता से लिया जाएगा तथा संबंधित विभागों के सहयोग से उनका शीघ्र समाधान कराया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सीधे ट्रेडर्स कमीशन से संपर्क करें।
एसडीएम सुखजिंदर सिंह टिवाणा ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कमीशन के साथ मिलकर प्रत्येक मुद्दे का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाएगा।
बैठक के दौरान गुरप्रीत सिंह धमोली ने यह भी कहा कि पटियाला जिले के व्यापारियों से मिलने के लिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान जल्द ही पहुंचेंगे।
बैठक में व्यापारियों ने सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था, नई बन रही अनधिकृत कॉलोनियों तथा अन्य प्रशासनिक समस्याओं से जुड़े मुद्दे उठाए। अधिकारियों ने इन समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। व्यापारियों ने अपने मुद्दों को लिखित रूप में पंजाब सरकार तक पहुंचाने के लिए निर्धारित फॉर्म भी भरे।
इस अवसर पर ट्रेडर्स कमीशन के सदस्य एवं राजपुरा हलका चेयरमैन टिंकू बंसल, ईटीओ अमनदीप सिंह नंदा, मनीष शर्मा, मुकेश गुप्ता, कीरत सिंह सेहरा, सुमित बख्शी, जसवीर सिंह चीमा, रणधीर सिंह सरपंच, मनीष सूद, पंकज लूथरा, सतीश कुमार कालड़ा, मनीष कुमार (हनी आइसक्रीम), कुलदीप कुमार, कमल, कार्तिक, दिनेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।






