नई दिल्ली, 03 अप्रैल 2026 : भारतीय जनता पार्टी ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए अपने 27 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में राज्य के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों से कई प्रमुख नेताओं को टिकट दिया गया है, जिनमें 5 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं।
प्रमुख उम्मीदवारों में तमिलिसाई सुंदरराजन को मायलापुर सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। वहीं, भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन को सत्तूर से टिकट मिला है। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन को कोयंबटूर नॉर्थ से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन अविनाशी (आरक्षित) सीट से चुनाव लड़ेंगे।
भाजपा इस चुनाव में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। इसके अलावा एनडीए में पट्टाली मक्कल काची, तमिल मनीला कांग्रेस और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम जैसे दल भी शामिल हैं।
हालांकि, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई का नाम इस सूची में शामिल नहीं किया गया, जिसे लेकर पहले अटकलें लगाई जा रही थीं कि उन्हें कोयंबटूर नॉर्थ सीट से उतारा जाएगा।
राज्य में इस बार मुकाबला मुख्य रूप से एनडीए और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के बीच माना जा रहा है। नरेंद्र मोदी शुक्रवार से तमिलनाडु में चुनाव प्रचार अभियान को तेज करेंगे और शनिवार को चेन्नई में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे।
गौरतलब है कि 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अप्रैल है, जबकि 9 अप्रैल तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं। चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
राज्य में इस बार कुल 5,67,74,436 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 12,51,749 पहली बार मतदान करने वाले मतदाता हैं। 85 वर्ष से अधिक आयु के 3,99,668 मतदाता भी सूची में शामिल हैं। चुनाव के लिए भारतीय निर्वाचन आयोग ने 75,032 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं।






