लुधियाना/माछीवाड़ा 1 अप्रैल 2026:: माछीवाड़ा के कुहाड़ा रोड पर स्थित गांव भट्टियां के पास स्थित ‘आहार फूड फैक्ट्री’ में बीती देर रात बॉयलर फटने के कारण भीषण आग लग गई। इस हादसे में फैक्ट्री को भारी वित्तीय नुकसान पहुंचा है, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फैक्ट्री प्रबंधन के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन प्राथमिक दृष्टि में इसे शॉर्ट सर्किट का मामला माना जा रहा है।
फैक्ट्री मैनेजर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि रात करीब 12:10 बजे अचानक बॉयलर वाले हिस्से से लपटें उठती देखी गईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग को सूचित किया गया। लुधियाना और समराला से फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भीषण थी कि उस पर पूरी तरह काबू पाने में दमकल कर्मियों को लगभग 7 से 8 घंटे का समय लगा। मैनेजर ने बताया कि जिस समय आग लगी, उस वक्त फैक्ट्री में कर्मचारी काम कर रहे थे, जिन्हें तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
वहीं, फैक्ट्री के एचआर और सुरक्षा अधिकारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उन्हें हेड गार्ड के माध्यम से बॉयलर में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही राहत कार्य शुरू कर दिए गए और फायर ब्रिगेड की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया। हालांकि, आग के कारण फैक्ट्री की मशीनरी और बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल, फैक्ट्री परिसर में कूलिंग का काम पूरा कर लिया गया है।