चंडीगढ़, 15 नवंबर, 2025 : मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई पंजाब कैबिनेट की बैठक में आज रोजगार, विकास और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कई बड़े फैसलों को मंजूरी दी गई। वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने घोषणा की कि भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) के लिए एक अलग कैडर बनाया जाएगा, जिससे 3000 से अधिक नई भर्तियां होंगी। साथ ही, 24 नवंबर को श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर श्री आनंदपुर साहिब में विशेष विधानसभा सत्र आयोजित किया जाएगा।
BBMB में अलग कैडर – 3000 पद होंगे भरे
वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने बताया कि अब तक सिंचाई, PSPCL और अन्य विभागों से कर्मचारी BBMB में डेपुटेशन पर जाते थे, जिससे उनके लौटने पर पद खाली रह जाते थे। नया कैडर बनने से यह समस्या दूर होगी और सीधे तौर पर नई भर्तियां की जा सकेंगी।
नई भर्तियों को मंजूरी
- मलेरकोटला: खेल विभाग में 3 नई पोस्टें और सहकारिता विभाग में रजिस्ट्रार, डिप्टी रजिस्ट्रार सहित 11 नई पोस्टों को मंजूरी।
- स्वास्थ्य विभाग: दोराहा CHC अस्पताल के लिए 51 नई पोस्टें; डेंटल टीचिंग फैकल्टी की रिटायरमेंट आयु 62 से बढ़ाकर 65 वर्ष।
- CDPO: लंबे समय से रुकी 16 पोस्टों को पुनर्जीवित (revived) कर जल्द भर्ती की तैयारी।
- न्यायपालिका: जालंधर में एडिशनल फैमिली जज कोर्ट के लिए 6 नई पोस्टों को हरी झंडी।
इंडस्ट्री और हाउसिंग के नए नियम
GMADA और PUDA को अब इंडस्ट्रियल पार्कों में प्लॉटों को बांटने का अधिकार।
500 वर्ग गज से छोटा प्लॉट नहीं बनाया जा सकेगा।
प्लॉट विभाजन पर 50 रुपये प्रति वर्ग गज फीस।
4,000 वर्ग फुट तक की ‘लो-इम्पैक्ट’ प्रॉपर्टी रखने वाले, 400 वर्ग गज तक छोटे प्लॉट पर घर बना सकेंगे।
ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए नए नियम
कैबिनेट ने ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए नियम बनाने की जिम्मेदारी सामाजिक सुरक्षा विभाग को सौंपी।
इसके अलावा आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से गरीब बच्चियों को सेनेटरी पैड उपलब्ध करवाने पर 53 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
श्री आनंदपुर साहिब में होगा ऐतिहासिक विशेष सत्र
वित्त मंत्री ने बताया कि 24 नवंबर का विशेष सत्र पंजाब विधानसभा के बाहर होने वाला पहला सत्र होगा।
यह सत्र श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, आदर्शों और शिक्षाओं पर केंद्रित रहेगा।
यह बैठक राज्य में रोजगार सृजन, सामाजिक विकास और ऐतिहासिक धरोहरों के सम्मान की दिशा में अहम साबित मानी जा रही है।






