कालाबाज़ारी और जमाखोरी के खिलाफ डीसी की चेतावनी
अफवाहों से बचें, पैनिक में पेट्रोल-डीजल के लिए भीड़ न लगाएं: डीसी
पटियाला, 27 मार्च, 2026: जिला प्रशासन द्वारा पेट्रोल और डीजल की निरंतर और बिना रुकावट सप्लाई सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह बात पटियाला के डिप्टी कमिश्नर श्री वरजीत वालिया ने आज एक समीक्षा बैठक के दौरान कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेट्रोल और डीजल की कालाबाज़ारी, जमाखोरी या किसी भी प्रकार के दुरुपयोग को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आज हुई समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों और पेट्रोल-डीजल पंप मालिकों को निर्देश दिए कि आम लोगों को प्राथमिकता के आधार पर पेट्रोल/डीजल उपलब्ध करवाया जाए और सप्लाई प्रणाली को पारदर्शी तरीके से चलाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यक सेवाओं जैसे अस्पतालों और आपातकालीन वाहनों के लिए पेट्रोल की उपलब्धता किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
डिप्टी कमिश्नर ने जिला वासियों से अपील की कि वे घबराहट में आकर अनावश्यक रूप से पेट्रोल/डीजल का भंडारण न करें, क्योंकि इससे सप्लाई प्रणाली पर अनावश्यक दबाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि लोग अफरा-तफरी में पेट्रोल-डीजल खरीदने के लिए जल्दबाजी न करें और अफवाहों से बचें तथा पैनिक में आकर पंपों पर लंबी कतारें न लगाएं।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पेट्रोल पंपों की नियमित जांच की जाए और स्टॉक व बिक्री का रिकॉर्ड पारदर्शी तरीके से रखा जाए। साथ ही पेट्रोल पंपों को रोजाना सप्लाई और बिक्री का डेटा सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के लिए कहा गया है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे पेट्रोल/डीजल की कालाबाज़ारी और जमाखोरी को रोकने के लिए सख्त निगरानी सुनिश्चित करें। यदि किसी भी पेट्रोल पंप पर नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने दोहराया है कि आम जनता को बिना किसी रुकावट के पेट्रोल की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।






