आर्किटेक्ट्स द्वारा कोई ऐसा नक्शा मंजूर न किया जाए जो नियमों के अनुसार पास नहीं हो सकता : मेयर
पटियाला, 27 मार्च, 2026 : शहर में विकास कार्यों को गति देने और नक्शा पासिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से मेयर कुंदन गोगिया द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इस संबंध में नगर निगम में कॉरपोरेशन से जुड़े सभी आर्किटेक्ट्स और अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें नक्शा स्वीकृति प्रक्रिया को और अधिक सुचारु तथा तेज बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान मेयर कुंदन गोगिया ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आर्किटेक्ट्स द्वारा कोई भी ऐसा नक्शा मंजूर न किया जाए जो निगम के नियमों के अनुसार पास नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि नियमों की पालना करते हुए ही शहर का व्यवस्थित विकास संभव है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर मामले को गंभीरता से लिया जाए और तय समय सीमा के भीतर उसका निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
मेयर ने बताया कि अब सभी आर्किटेक्ट्स और इंस्पेक्टर्स की साप्ताहिक बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में हर सप्ताह विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें यह बताया जाएगा कि कितने नक्शे पास हुए, कितने रद्द किए गए और कितनी एनओसी अभी लंबित हैं। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और किसी भी प्रकार की देरी या बाधा को तुरंत दूर किया जा सकेगा।
इसके अलावा बैठक के दौरान कुछ तकनीकी मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया, ताकि नक्शा पासिंग प्रक्रिया को और अधिक सरल और प्रभावी बनाया जा सके। मेयर गोगिया ने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है और इसके लिए प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए नियमित निगरानी अत्यंत आवश्यक है और इस नई प्रणाली के माध्यम से काम में तेजी और पारदर्शिता दोनों सुनिश्चित की जाएंगी।
फोटो : बैठक के दौरान मेयर, आर्किटेक्ट्स और अन्य अधिकारी।
जारीकर्ता
राजिंदर मोहन (सचिव)
महापौर कार्यालय पटियाला
83609 66060






