फ़तेहाबाद, 27 मार्च, 2026 (संजीव शर्मा) : हरियाणा जूनियर स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप में द्रोणाचार्य बॉक्सिंग क्लब के खिलाडिय़ों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 4 पदक अपने नाम किए। खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और क्लब का नाम भी रोशन हुआ है। प्रतियोगिता में क्लब के बॉक्सर अर्पित ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं चिराग ने कड़ा मुकाबला करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
इसके अलावा हिमानी और सुखरीत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। खिलाडिय़ों की इस सफलता पर क्लब से जुड़े कोचों और खेल प्रेमियों ने खुशी व्यक्त की है। इस उपलब्धि का श्रेय खिलाडिय़ों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया गया है।
इस अवसर पर हरियाणा पुलिस के एसीपी एवं ओलंपियन व अर्जुन अवॉर्डी जय भगवान, अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर डॉ. राजीव गोदारा, कोच मुकेश कुमार, प्रदीप सैनी, रोबिन, निशा और परवीन ने खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ी इसी तरह मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ते रहे, तो वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।






