चंडीगढ़, 22 मार्च 2026: पंजाब के निवासियों और विशेषकर सरकारी कर्मचारियों व छात्रों के लिए मार्च का अंतिम सप्ताह राहत भरा रहने वाला है। राज्य सरकार द्वारा घोषित छुट्टियों की सूची के अनुसार, कल यानी सोमवार, 23 मार्च को शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के ‘शहीदी दिवस‘ के अवसर पर पूरे राज्य में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस दौरान पंजाब के सभी सरकारी कार्यालय, बोर्ड, निगम, स्कूल और कॉलेज पूरी तरह बंद रहेंगे।
शहीदी दिवस के अलावा, इस महीने दो और प्रमुख अवकाश आने वाले हैं। 26 मार्च, गुरुवार को ‘राम नवमी‘ के पावन पर्व पर राज्य भर में छुट्टी रहेगी। इसके ठीक बाद, महीने के अंत में 31 मार्च, मंगलवार को ‘महावीर जयंती‘ के उपलक्ष्य में भी सरकारी अवकाश घोषित किया गया है।
मार्च के इस आखिरी हफ्ते में लगातार आ रही छुट्टियों के कारण सरकारी कामकाज प्रभावित हो सकता है, इसलिए प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे अपने जरूरी काम इन्हीं छुट्टियों को ध्यान में रखकर निपटाएं। शिक्षा विभाग ने भी सभी शिक्षण संस्थानों को इन आदेशों का पालन करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।






