पुलिस-प्रशासन और लोगों के संयुक्त प्रयास से ही मुकाबला संभव – डिप्टी कमिश्नर
सप्लाई चेन तोड़ने के साथ डिमांड घटाने के लिए समाज की जरूरत: एसएसपी
पटियाला, 21 मार्च 2026: पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस विभाग की ओर से “संपर्क 2026 पंजाब पुलिस पार्टनरशिप प्रोग्राम” के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पटियाला के डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, एसएसपी वरुण शर्मा और एसपी वैभव चौधरी ने समाज की गांव और वार्ड डिफेंस कमेटियों के सदस्यों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए नशे के खात्मे के लिए संयुक्त रणनीति बनाने पर जोर दिया।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पंजाब सरकार मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में नशे के खिलाफ युद्ध स्तर पर कार्रवाई कर रही है। इसी तरह पटियाला प्रशासन भी पूरी लगन और दृढ़ता के साथ इस अभियान को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस या प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में मोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि जिले में युवाओं के लिए खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं, गांवों में लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवा नशे से दूर रह सकें।
इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग की भूमिका को भी बेहद महत्वपूर्ण बताया गया। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि नशा करने वाले व्यक्ति को अपराधी नहीं, बल्कि मरीज के रूप में देखना चाहिए। उनकी मदद करते हुए उन्हें नशा मुक्ति केंद्रों में भर्ती करवाना चाहिए, ताकि वे फिर से सामान्य जीवन जी सकें। उन्होंने बताया कि पटियाला में नशा मुक्ति केंद्रों से बाहर आए युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग प्रोग्राम भी चलाए जा रहे हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर रोजगार प्राप्त कर सकें और सम्मानजनक जीवन जी सकें।
एसएसपी वरुण शर्मा ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जिसे खत्म करने के लिए सप्लाई और डिमांड दोनों पर काम करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा सप्लाई चेन तोड़ने के लिए कड़ी कार्रवाई की जा रही है और इसमें काफी सफलता भी मिली है। अब समाज की भागीदारी से नशे की मांग को कम करने के प्रयास तेज करने की जरूरत है।
अंत में एसएसपी ने लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके जल्द समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में प्रशासन का सहयोग करें और अपने आसपास के युवाओं को सही राह पर लाने में योगदान दें।






