चंडीगढ़, 21 मार्च 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पिछले चार वर्षों में राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों का विस्तृत ब्यौरा देते हुए कई अहम खुलासे किए। चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, नशा तस्करी और औद्योगिक विकास जैसे मुद्दों पर सरकार की उपलब्धियां साझा कीं।
सीएम मान ने बताया कि पंजाब देश का पहला राज्य बन गया है, जहां सीमा पर एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाया गया है। उन्होंने कहा कि अब तक सीमा पार से आए 806 ड्रोन बरामद किए जा चुके हैं, जो सुरक्षा के लिहाज से बड़ी सफलता है।
नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 से अब तक 95,881 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत 72,222 एफआईआर दर्ज की गईं और 5625 किलो हेरोइन बरामद की गई है। इसके अलावा 3440 भगोड़ों को गिरफ्तार किया गया और 1556 तस्करों की करीब 772 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गईं। उन्होंने बताया कि नशा तस्करों के घरों पर बुलडोजर चलाने जैसी सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में गैंगस्टरों के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की गई है। पंजाब पुलिस ने 2858 गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया और 1105 गैंग का भंडाफोड़ किया। इसके साथ ही 2267 हथियार और 625 वाहन भी जब्त किए गए हैं। उन्होंने दोहराया कि नशे के खिलाफ सरकार की “जीरो टॉलरेंस” नीति है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
औद्योगिक विकास पर बात करते हुए सीएम मान ने कहा कि राज्य में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है। Tata Group ने यहां अपना बड़ा प्लांट स्थापित किया है, जबकि Hero MotoCorp भी ई-व्हीकल प्लांट लगाने जा रही है। इसके अलावा जापान समेत कई देशों से निवेश आ रहा है, जिससे पंजाब के विकास को नई गति मिल रही है।
सीएम मान ने अंत में कहा कि सरकार लगातार चार दिनों से अपनी उपलब्धियों को जनता के सामने रख रही है और आगे भी पारदर्शिता के साथ काम जारी रहेगा।






