चंडीगढ़, 21 मार्च 2026: हरियाणा में पिछले दो दिनों से हुई बारिश के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। शनिवार सुबह राज्य के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। खासकर दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे से जुड़े शहरों जैसे सोनीपत और पानीपत में जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसके अलावा हिसार, फतेहाबाद, फरीदाबाद, भिवानी, नूंह और गुरुग्राम में भी घने कोहरे की चादर छाई रही। लगातार बारिश, बादलों से ढका आसमान और ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम के समय ठंड में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कोहरे का असर रेल यातायात पर भी देखने को मिला। दृश्यता कम होने के कारण आज 18 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
दिन के तापमान में गिरावट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हुई बारिश और घने बादलों के चलते दिन के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। अंबाला में अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 10 डिग्री कम है। वहीं करनाल, हिसार और रोहतक में अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
सोनीपत में रही सबसे ठंडी रात
राज्य में रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सोनीपत में न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सबसे कम रहा। इसके अलावा करनाल में 15.3 डिग्री, हिसार में 15.9 डिग्री और गुरुग्राम में 17 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश और बादलों की मौजूदगी के कारण रात का तापमान नीचे आया है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी ठंड और कोहरे का असर बने रहने की संभावना जताई है।






